गेस्ट टीचर्स ने मांगी नियुक्ति
- फोटो : अमर उजाला
पिथौरागढ़। अतिथि शिक्षकों ने तैनाती के लिए गेस्ट टीचर्स ने कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री/पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस प्रदेश महामंत्री खाती ने शिक्षा मंत्री से हुई वार्ता का हवाला देते हुए कहा है कि सरकार जल्द ही अतिथि शिक्षकों को तैनाती देने जा रही है। अतिथि शिक्षक संगठन के विण ब्लॉक इकाई के अध्यक्ष दीक्षा जोशी के नेतृत्व में युवाआें ने कांग्रेस प्रदेश महामंत्री खाती को ज्ञापन सौंपा।
जिसमें अतिथि शिक्षकों ने कहा है कि सरकार ने कैबिनेट की बैठक में अतिथि शिक्षकों को बहाल करने का निर्णय लिया है लेकिन शासनादेश जारी नहीं हो पाया है। अतिथि शिक्षकों के समक्ष भारी आर्थिक संकट हो गया है। कहा है कि पिछले दिनों तमाम स्कूलों में स्थायी शिक्षकों की तैनाती होने से अतिथि शिक्षकों के पद प्रभावित हुए हैं। उनके समायोजन के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
इन लोगों ने कांग्रेस प्रदेश महामंत्री से अतिथि शिक्षकों को तैनाती, समायोजन मांगा है। उच्चीकृत स्कूलों में शिक्षकों के पद सृजित कराने की भी मांग अतिथि शिक्षकों ने की है। कांग्रेस प्रदेश महामंत्री खाती ने इन लोगों को बताया कि उनकी पिछले दिनों देहरादून में शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी से इस बारे में बात हुई है। शिक्षा मंत्री ने अतिथि शिक्षकों को तत्काल पुन: तैनाती देने की बात कही है। शिक्षा मंत्री ने किसी भी अतिथि शिक्षक को हटाने से भी इंकार किया है। ज्ञापन सौंपने वालों में महासचिव अनुपमा महर, कोषाध्यक्ष घनश्याम चंद्र जोशी आदि थे।