पिथौरागढ़ को मिले महत्वपूर्ण विषयों के 39 अतिथि प्रवक्ता
सभी अतिथि प्रवक्ताओं को सीईओ ने किया तैनाती के आदेश जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पिथौरागढ़। जिले के स्कूलों में महत्वपूर्ण विषयों के 39 अतिथि प्रवक्ताओं को शिक्षा विभाग ने तैनाती के आदेश जारी कर दिए हैं। इन प्रवक्ताओं को विद्यालयों की रिक्तियों के अनुसार तैनाती मिली है।
सीमांत जिले के विभिन्न स्कूलों में लंबे समय से हिंदी, अंग्रेजी, गणित, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीवविज्ञान, गृहविज्ञान, भूगोल, अर्थशास्त्र सहित कई विषयों के पद खाली थे। शिक्षकों के खाली पद भरने की मांग को लेकर लोगों ने कई बार आंदोलन भी किए। शासन से खाली पदों के सापेक्ष तैनाती के आदेश जारी होने के बाद जिले में 39 अतिथि प्रवक्ताओं को तैनात कर दिया है। इसमें आठ गेस्ट प्रवक्ताओं को जिले के कन्या स्कूलों में तैनात किया जाएगा। सीईओ अशोक कुमार जुकरिया ने कहा कि अतिथि प्रवक्ताओं की नियुक्ति से जिले के स्कूलों में पठन-पाठन में गति मिलेगी। उन्होंने कहा इसमें से अधिकतर गेस्ट प्रवक्ताओं ने ज्वाइनिंग कर ली है।