पिथौरागढ़। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित समूह ग की स्नातक स्तरीय परीक्षा जिले में 23 केंद्रों पर शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। परीक्षा में 60.13 प्रतिशत परीक्षार्थी उपस्थित और 39.87 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा में शामिल हुए अभ्यर्थी लीला, आकांक्षा पांडे, रक्षित वर्मा, सोनम कोहली आदि ने बताया कि प्रश्नपत्र कठिन था। हालांकि हिंदी का भाग कुछ सरल रहा, लेकिन रीजनिंग के प्रश्न मुश्किल थे। इसके चलते उन्हें हल करने में अधिक समय लगा। परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर छात्र-छात्राओं की गहन जांच की गई।
एडीएम योगेंद्र सिंह ने बताया कि जनपद में आदर्श जीजीआईसी मूनाकोट, बीएलएस जीजीआईसी ऐंचोली, दया सागर इंटर कॉलेज, दयानंद इंटर कॉलेज, डॉन बॉस्को स्कूल, जीआईसी आठगांवशिलिंग, जीआईसी भडकटिया, जीआईसी पीपलकोट, इंटर कॉलेज सातसिलिंग, मानस एकेडमी, एलडब्ल्यूएस जीआईसी इंटर कॉलेज, एलएसएम कैंपस, जीजीआईसी पिथौरागढ़, मिशन इंटर कॉलेज, एसआईटी, न्यू बीयरशिवा, पीएनएफ, पीएमश्री केएनयू, एसडीएस, सोर वैली पब्लिक स्कूल, एशियन एकेडमी, विवेकानंद विद्या मंदिर को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। इसमें छह हजार 796 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।