पिथौरागढ़। किमखोला में वनराजि फुना देवी की कोरोना संदिग्ध के रुप में मौत और कुछ वनराजियों के संक्रमित मिलने के बाद प्रशासन ने सजगता दिखाते हुए वनराजि गांवों में स्वास्थ शिविरों के माध्यम से जांच शुरू कर दी है। कोराना वायरस से अंजान इस समुदाय के लोगों की टेस्टिंग और इनको दिशा निर्देश करना आसान नहीं हो रहा है। अर्पण संस्था ने वनराजि गांवों में जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को जागरूक किया।
अर्पण संस्था वनराजियों के बीच जाकर कोरोना वायरस की जानकारी दे रही है। बीमारी, लक्षण, रोकथाम और संपर्क सूचना जैसे बिंदुओं पर वनराजियों को मानसिक तौर पर तैयार किया जा रहा है। वनराजि समुदाय एकाकी जीवन जीने वाले होते हैं। इनकी बोल चाल की मूल भाषा को आज भी इनके अलावा कोई नहीं समझता। संस्था अपने स्तर से प्रत्येक गांव में ऑक्सीमीटर, थर्मामीटर,ग्लब्स मास्क बांट रही है। साथ ही इनका किस तरह प्रयोग किया जाता है इसकी जानकारी दे रही है। अर्पण संस्था की सचिव रेनू ठाकुर ने कहा कि मुख्य धारा से दूर वनराजियों का स्वास्थ्य के प्रति लापरवाह रवैया ही इस समुदाय के लिए अभिशाप रहा है। अब संस्था अलग टीम बना कर इनके बीच जा रही है।
वनराजियों का मोबाइल टीम से कराया जाएगा वैक्सीनेशन
डीडीहाट(पिथौरागढ़)। पेयजल मंत्री बिशन सिंह चुफाल ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को वनराजि क्षेत्र कूटा चौरानी और मदनपुरी में रहने वाले वनराजियों का कोविड वैक्सीनेशन मोबाइल टीम से करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान उन्होंने चौबाटी, जौसारी और दूनाकोट में वैक्सीनेशन सेंटर का शुभारंभ भी किया।
बुधवार को पेयजल मंत्री ने दूनाकोट, चौबाटी और जौरासी में वैक्सीनेशन सेंटर का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि कोविड वैक्सीन को दूरस्थ ग्रामीण जनता तक पहुंचाने के लिए तीन वैक्सीनेशन सेंटर खोले जाएंगे। जहां पर रोजाना 100 टीके ग्रामीणों को लगाए जाएंगे। इन क्षेत्रों में टीकाकरण सेंटर खोले जाने का ग्रामीणों ने स्वागत कर काबिना मंत्री चुफाल का आभार व्यक्त किया। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना को लेकर क्षेत्रीय जनता को जागरूक भी किया। वैक्सीनेशन सेंटरों में आए लोगों को मास्क व सैनिटाइजर बांटे। इस मौके पर एसडीएम केएन गोस्वामी, ब्लॉक प्रमुख बबीता चुफाल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख हरेंद्र चुफाल, मंडल अध्यक्ष पूरन खोलिया , सामाजिक कार्यकर्ता भगवान देऊपा, जिला उपाध्यक्ष संजय चुफाल, मंत्री प्रतिनिधि बलवंत बोरा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य लोकेश भड़, जिला पंचायत सदस्य महेश राम, ग्राम प्रधान महेश कन्याल, प्रवीण पानू, कुंदन बोरा, दीपक बोरा सहित कई लोग मौजूद रहे।