धारचूला (पिथौरागढ़)। महाशिवरात्रि पर्व पर कैलाश द्वार बम-बम भोले के जयकारों से गुंजायमान हो गया। शिवालयों में पूजा-अर्चना के लिए तड़के चार बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई।
शिवरात्रि मेला कमेटी की ओर से दो दिनी मेले के दौरान रं समाज, अनवाल समुदाय के छलिया नृत्य की झांकी ने मन मोह लिया। विभिन्न स्कूली बच्चों ने शिव भजनों में शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
दूसरे दिन के कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष शशि थापा, विशिष्ट अतिथि नेपाल दार्चुला के सीडीओ युगराज जोशी, पूर्व आईएएस दरपान सिंह गर्ब्याल और भूपेंद्र थापा ने दीप जलाकर किया। शशि थापा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विभिन्न समुदाय के आपसी संबंध मजबूत होते हैं।
मेला कमेटी के पदाधिकारियों ने अतिथियों को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। ग्राम गर्ब्यांग, बुदी, नपलचू, गुंजी, तिंकर, चौदास घाटी, पंचाचूली दारमा विकास समिति के दलों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा में छलिया नृत्य की शानदार प्रस्तुति देने के बाद शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की।
अनवाल समुदाय और छिपलाकेदार कुमाऊंनी संगठन का छलिया नृत्य मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। पालिकाध्यक्ष थापा ने मेला कमेटी को 15,000 रुपये, जनजाति महिला उत्थान समिति ने 11,000 रुपये की सहयोग राशि भेंट की।
इस मौके पर कमेटी संरक्षक भागेश्वरी गर्ब्याल, अध्यक्ष वीरेंद्र नबियाल, नृप गर्ब्याल, नरेश दानू, अरविंद रोंकली आदि मौजूद रहे।