पिथौरागढ़ कलक्ट्रेट में शराब की दुकान के विरोध में प्रदर्शन करते पीपली के युवा। संवाद
पिथौरागढ़। कनालीछीना ब्लॉक के पीपली में सरकारी शराब की दुकान खुलने के विरोध में क्षेत्र के युवा मंगलवार को 50 किमी दूर कलक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सरकार के पास अस्पताल, गैस गोदाम सहित जनहित में उपयोगी संस्थान खोलने के लिए बजट नहीं है लेकिन युवाओं को नशे के दलदल में धकेलने के लिए शराब की दुकान खोलने की सब व्यवस्थाएं हैं।
पीपली के युवाओं ने कहा कि पूर्व में शासन-प्रशासन से क्षेत्र में गैस गोदाम खोलने की मांग की गई लेकिन आबादी कम होने का हवाला देकर इससे हाथ पीछे खींच लिए गए। इंटर कॉलेज में विज्ञान के शिक्षक तैनात करने की मांग की गई तो छात्र संख्या कम होने की बात की गई। उन्होंने कहा कि नेपाल सीमा से लगे पीपली क्षेत्र में अस्पताल न होने से मरीज इलाज के लिए भटक रहे हैं। सरकार से कई बार यहां अस्पताल खोलने की मांग की गई लेकिन बजट न होने का हवाला दिया गया।
गुस्साए लोगों ने कहा कि सरकार जनहित के कामों से किनारा कर रही है लेकिन शराब की दुकान जरूर खोल दी गई है। युवाओं ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान चलाकर शिक्षण संस्थानों के आसपास तंबाकू सहित अन्य नशे का सामान बेचने पर प्रतिबंध है लेकिन पीपली में इंटर कॉलेज, प्राथमिक विद्यालय और जूनियर हाईस्कूल से 50 मीटर दूर शराब की दुकान खोल दी गई है।
बाद में युवाओं ने शराब की दुकान बंद करने के लिए डीएम को ज्ञापन भी दिया। इसमें चेतावनी दी गई है कि यदि शराब की दुकान बंद नहीं की गई तो क्षेत्र का हर युवा, महिला, बुजुर्ग कलक्ट्रेट के बाहर अनशन शुरू करेगा। प्रदर्शन करने वालों में मनोज सिंह भंडारी, सूरज सिंह, गोकुल कुमार, कुनाल बिष्ट, सोनू पोखरिया, नरेश, कमल, विनीत धामी, विरेंद्र सिंह कन्याल, कमलेश कठायत, मनोज कठायत आदि शामिल रहे।