मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। जिलाधिकारी रीना जोशी ने घटगाड़ नाले पर पक्की पुलिया निर्माण के लिए दैवी आपदा मद से 19.80 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। पुलिस बनने के बाद राजकीय बालिका इंटर काॅलेज नमजला की बालिकाओं के अलावा दस ग्राम पंचायतों के लोगों को लाभ मिलेगा।
राबाइंका नमजला की बालिकाओं और ग्राम पंचायत दरांती, दरकोट, रांथी, दुम्मर तल्ला एवं मल्ला, बनियागांव, कवाधार, सेरा सुराईधार, पैंकुती, जलथ की 12 हजार की आबादी के पैदल आवागमन के लिए घटगाड़ नाले पर बनी पुलिया वर्ष 2018 की आपदा में बह गई थी। इसके बाद लोगों ने आवागमन के लिए लकड़ी की कच्ची पुलिया बनाई थी। पुलिया पार करते समय बीते वर्ष दो बालिकाएं घटगाड़ नाले में बह गई थीं। इसमें से एक की मौत भी हो गई।
घटगाड़ नाले को आरपार करने के लिए पक्की पुलिया नहीं होने के कारण इन गांवों की बालिकाओं को तीन किमी की परिधि में बने राबाइंका नमजला की जगह शिक्षा ग्रहण करने के लिए आठ किमी दूर राइंका मुनस्यारी जाना पड़ रहा है। बरसात के समय घटगाड़ नाले में जल स्तर बढ़ने के कारण बालिकाएं स्कूल नहीं जा पाती थीं।
इस समस्या को जिला पंचायत सदस्य जगत मर्तोलिया ने जिलाधिकारी के समक्ष रखा। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोनिवि डीडीहाट को पुल का आगणन तैयार करने के निर्देश दिए। आगणन के बाद डीएम ने दैवी आपदा मद से नमजला-घटधार पैदल मार्ग के घटगाड़ नाले पर 18 मीटर स्पान पैदल पुलिया निर्माण के लिए 19.80 स्वीकृत कर कार्यदायी संस्था को बजट रिलीज कर दिया है। इससे क्षेत्रवासियों में खुशी व्याप्त है।