खूब हो रहा पॉलिथीन, थर्माकोल का प्रयोग
- फोटो : अमर उजाला
नगर में रोक के बावजूद पॉलिथीन की थैलियों, थर्माकोल के बर्तनों का प्रचलन बंद नहीं हो पा रहा है। व्यापारी एवं आम लोग इसमें सहयोग नहीं कर रहे हैं। हाईकोर्ट के आदेश के बाद पिछले दिनों प्रशासन ने इसके लिए सक्रियता दिखाई थी, लेकिन अब रोक का कोई असर नहीं है। नगरपालिका ने चेतावनी भी जारी की थी, लेकिन इसका व्यापारियों पर असर नहीं पड़ा। आम लोग भी अपनी सुविधा के लिए पॉलिथीन की थैलियों और थर्माकोल का मोह नहीं छोड़ पा रहे हैं।
नगर पालिका के ईओ डीके तिवारी ने बताया कि विगत कई दिनों से नगर में छापेमारी कर कई दुकानों में पॉलिथीन का उपयोग कर रहे व्यापारियों को चेतावनी दी गई, मगर कई व्यापारी अपनी गलती मानने के बजाए नगर पालिका के कर्मचारियों से ही उलझने लगते हैं। उन्होंने कहा कि सूचनाएं प्राप्त हो रही हैं कि नगर के कुछ व्यापारी थोक में भी पॉलिथीन की थैलियां बेच रहे हैं, लेकिन गोदामों के अंदर छापा मारने का अधिकार नगरपालिका को नहीं है। इसी का लाभ उठाकर व्यापारी खुलेआम पॉलिथीन का उपयोग कर रहे हैं।
व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेंद्र थापा ने कहा कि रविवार को पॉलिथीन उन्मूलन और अन्य मुद्दों पर व्यापार संघ की आवश्यक बैठक बुलाई गई है, जिसमें उचित निर्णय लिया जाएगा। कैलास मानसरोवर के आधार कैंप धारचूला में पर्यावरण की रक्षा के प्रति जागरूकता और पॉलिथीन के उन्मूलन के लिए प्रशासन द्वारा गठित कमेटी फिलहाल अस्तित्व में नहीं दिख रही है।
पालिका ने दुकानों और फड़ों से जब्त की पॉलिथीन
नगरपालिका के ईओ डीके तिवारी ने शनिवार को नगर की कई दुकानों और फड़ों में छापा मारा। पॉलिथीन एवं थर्माकोल के बर्तन जब्त किए। ईओ ने कहा कि नगर में अब किसी भी दशा में पॉलिथीन और थर्माकोल का प्रचलन नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से अपेक्षा की कि वह भी गोदामों में चेकिंग में सहयोग करे। उन्होंने कहा कि चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। आम जनता को भी इसमें सहयोग करना चाहिए।