मलबा हटाने का प्रयास करते टैक्सी चालक
- फोटो : अमर उजाला
थल-मुनस्यारी मार्ग पर रातीगाड़ के पास शनिवार रात 12 बजे भारी मलबा पटने से इस रोड पर रविवार सुबह आठ बजे तक वाहनों की आवाजाही ठप रही। मुनस्यारी से चलकर सुबह पांच बजे जब टैक्सी चालक रातीगाड़ पहुंचे तो उन्होंने लोनिवि के अधिकारियों को रोड बंद होने की सूचना दी, लेकिन लोनिवि की जेसीबी सुबह आठ बजे मौके पर पहुंची। इससे पहले रास्ते पर फंसे टैक्सी चालकों ने खुद ही मलबा हटाने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। नाचनी और मुनस्यारी क्षेत्र में शनिवार रात 33 एमएम बारिश रिकार्ड की गई।
पिछले कुछ दिनों से बारिश की रफ्तार थमने से सड़कों पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा था, लेकिन बारिश फिर से शुरू होने से सड़कों पर मलबा गिरने लगा है। मुनस्यारी देवा टूर एंड ट्रैवल्स के संचालक देवेंद्र धर्मशक्तू ने बताया कि उन्होंने सुबह पांच बजे रातीगाड़ से ही लोनिवि के अधिकारियों को सूचना दे दी थी। मुनस्यारी से हल्द्वानी, पिथौरागढ़, थल की तरफ जाने वाले वाहन कई घंटे तक रातीगाड़ में फंसे रहे। थल और नाचनी से मुनस्यारी को जाने वाले वाहनों को भी काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। इस बीच फिर से तेज बारिश होने से नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने लगा है। धारचूला में भी शनिवार रात मूसलाधार बारिश हुई।
ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात, बारिश का अलर्ट
पिथौरागढ़/मुनस्यारी। जिला मुख्यालय में रविवार को पूरे दस दिन बाद हुई बारिश से लोगों को राहत मिली है। मुनस्यारी में शनिवार को पूरी रात बारिश हुई। इस दौरान हंसलिंग और पंचाचूली की चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ। मुनस्यारी में लगातार बारिश से लोगों को राहत मिली है। मुनस्यारी के तापमान में गिरावट आने लगी है। इस बीच जिलाधिकारी एचसी सेमवाल ने अलर्ट जारी करते हुए कहा कि अगले 24 घंटे में जिले के कुछ हिस्सों में मध्यम से तेज स्तर की बारिश हो सकती है। वहीं, बारिश से धान की फसल को समेटने में दिक्कत आ रही है। अब घाटी वाले इलाकों में धान की फसल तैयार हो चुकी है।