पिथौरागढ़ जिले में रसोई गैस के संकट ने बेटा-बेटी की शादी की तैयारियों में जुटे अभिभावकों की चिंता बढ़ा दी है। कॉमर्शियल सिलिंडरों का कोटा पूरा होने के साथ ही इसका स्टॉक भी खत्म हो गया है। ऐसे में लोगों को वैवाहिक कार्यक्रमों के लिए रसोई गैस मिलनी मुश्किल हो गई है। हालात यह है कि सिलिंडर न मिलने से लोगों के घरों में वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न कराना मुश्किल हो गया है और वे होटल बुक करने के लिए मजबूर हैं। पहले से ही बुकिंग होने से लोगों को होटल भी नहीं मिल रहे।
नगर के 68 लोगों ने अपने बेटे या बेटी के वैवाहिक कार्यक्रम का हवाला देकर कॉमर्शियल सिलिंडर के लिए डीएसओ कार्यालय में आवेदन किया है। यह वैवाहिक कार्यक्रम 22 से 29 अप्रैल तक संपन्न होने हैं। शासन स्तर पर जारी आदेशों के अनुसार डीएसओ कार्यालय ने यह आवेदन नगर की तीन गैस एजेंसियों को हस्तांतरित किए हैं। तीनों गैस एजेंसियों को कोटे के अनुसार सिर्फ 50 कॉमर्शियल सिलिंडर ही मिलने हैं। अप्रैल महीने का कोटा एजेंसियों को मिला तो होटल कारोबारियों के साथ ही पूर्व में संपन्न हुए वैवाहिक कार्यक्रमों के लिए सिलिंडर उपलब्ध करा दिए गए हैं। अब एजेंसियों के पास कॉमर्शियल सिलिंडरों का स्टॉक खत्म हो गया है और इस महीने का कोटा भी। ऐसे में साफ है कि अब वैवाहिक कार्यक्रमों के लिए आए आवेदनों के अनुसार किसी को भी कॉमर्शियल सिलिंडर नहीं मिलेंगे। बेटा-बेटी के विवाह की तैयारी में जुटे अभिभावक हर रोज एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं। सिलिंडरों का स्टॉक खत्म होने से संबंधित लोगों में वैवाहिक कार्यक्रम निपटाने के साथ ही मेहमानों और घराती-बारातियों के लिए भोजन तैयार करने की चिंता गहरा गई है।
विवाह के लिए दो सिलिंडर उपलब्ध कराने के दावे हवाई
घर में वैवाहिक कार्यक्रत तय है। कॉमर्शियल सिलिंडर के लिए आवेदन किया। एजेंसी कह रही है कि अब स्टॉक खत्म हो गए है। अब अगले महीने की सिलिंडर उपलब्ध होंगे। यदि सिलिंडर नहीं मिला तो कार्यक्रम संपन्न कैसे होगा यह चिंता सता रही है।-बसंत राम, बिण
वैवाहिक कार्यक्रम के लिए सिलिंडर नहीं मिल रहे हैं। होटल भी फुल हो गए हैं। ऐसे में कार्यक्रम कैसे संपन्न होगा। वैवाहिक कार्यक्रम के लिए दो कॉमर्शियल सिलिंडर उपलब्ध कराने का नियम बनाया गया। एक सिलिंडर मिलना भी मुश्किल हो गया है।-माया देवी, बजेटी
एजेंसियों को इस महीने का कॉमर्शियल सिलिंडरों का कोटा मिल गया। मेरी एजेंसी का 22 सिलिंडरों का कोटा तय है। वैवाहिक कार्यक्रमों के लिए सिलिंडर उपलब्ध कराने के लिए बड़ी संख्या में आवेदन मिले हैं। इन हालात में सभी को सिलिंडर उपलब्ध कराना मुश्किल है।-उषा राणा, प्रबंधक, पिथौरागढ़ गैस सर्विस