पिथौरागढ़ में कूड़ेदानों में ही जलाया जा रहा कूड़ा
- फोटो : अमर उजाला
नगरपालिका को हाइकोर्ट के आदेशों का भी डर नहीं है। नगर में कूड़ा उठाने के स्थान पर कूड़ा जलाने का क्रम जारी है। प्रशासन और नगरपालिका के ईओ के दावे खोखले साबित हुए हैं।
पर्यावरण को दूषित होने से बचाने के लिए हाइकोर्ट ने कूड़े में आग लगाने पर रोक लगाई है, लेकिन इस नगर में हाइकोर्ट के आदेशों की हवा उड़ाई जा रही है। नगर में पिछले कई दिनों से कूड़ा निस्तारण करने के स्थान पर कूड़ेदानों में ही आग लगाई जा रही है। यह वाकया अक्सर नगर के जीजीआईसी के पास देखने को मिलता है। सोमवार रातभर जीजीआईसी के पास रखे कूड़ेदान में आग लगी रही। मंगलवार को भी कूड़ेदान में आग धधकती रही।
अमर उजाला कूड़े में आग लगाने का मामला पहले भी प्रकाशित कर चुका है। तब अपर जिलाधिकारी मोहम्मद नासिर ने कूड़े में आग लगाने की जांच एसडीएम से कराने और नगरपालिका के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही थी, लेकिन हुआ कुछ नहीं। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी खीमानंद जोशी ने कूड़ेदान में आग लगाने के प्रकरण की जांच की बात कही थी। कहा था कि जिस इलाके में कूड़ेदानों में आग लगी मिलेगी, वहां के कर्मचारी का वेतन रोक दिया जाएगा, लेकिन ईओ अपनी बात पर खरे नहीं उतरे। कंटेनरों में लगातार आग लगाई जा रही है। इससे आसपास के इलाके का वातावरण दूषित हो रहा है। गंदगी फैल रही है। अब पालिका के ईओ खीमानंद जोशी का कहना है कि इस मामले में सफाई निरीक्षक को नोटिस दिया जा रहा है। कूड़ेदानों में आग नहीं लगाने दी जाएगी।
कूड़ेदानों में आग लगाने का मामला हाल में अमर उजाला से ही संज्ञान में आया था। तब पालिका के ईओ को इस संबंध में निर्देशित किया गया था। एक बार फिर ईओ को आदेशित किया जा रहा है। कूड़े में आग लगाई गई तो कार्रवाई की जाएगी। -सी रविशंकर, जिलाधिकारी पिथौरागढ़।