इसी टिनशेड में चलता है गणाईगंगोली का डिग्री कॉलेज
- फोटो : अमर उजाला
चार साल पहले गणाईगंगोली क्षेत्र के इंटर पास विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा दिलाने के लिए खोले गए महाविद्यालय की शिक्षण व्यवस्था प्रवक्ताओं के अभाव में चरमरा गई है। यहां 6 में से मात्र 2 प्रवक्ता तैनात हैं। महाविद्यालय का भवन अब तक नहीं बन पाया है। कॉलेज विधायक निधि से बने टिनशेडों पर चल रहा है।
वर्ष 2014 में कांग्रेस सरकार ने गणाईगंगोली में महाविद्यालय की मंजूरी दी, लेकिन अव्यवस्थाओं के कारण महाविद्यालय व्यवस्थित ढंग से नहीं चल पा रहा है। यहां हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, नागरिकशास्त्र के प्रवक्ताओं के पद रिक्त हैं। प्रधानाचार्य के साथ ही राजनीति शास्त्र और समाजशास्त्र के प्रवक्ता तैनात हैं। प्रवक्ताओं के चार पद रिक्त होने से महाविद्यालय में शिक्षण कार्य में दिक्कत आ रही है। क्षेत्र के लोग प्रवक्ताओं की कमी को दूर करने के साथ ही महाविद्यालय का भवन बनाने की मांग शासक वर्ग के सामने उठा रहे हैं।
गणाईगंगोली महाविद्यालय भवन के लिए धनराशि स्वीकृत हो गई है। जल्द ही टेंडर लग जाएंगे। प्रवक्ताओं की कमी दूर कराई जाएगी।
-मीना गंगोला, विधायक गंगोलीहाट