फुलतड़ी गांव में आबादी तक पहुंचा मलबा
- फोटो : अमर उजाला
इस तहसील के फुलतड़ी और रोजीबुंगा गांव में शनिवार रात हुई बारिश ने भारी तबाही मचाई है। मलबा घुसने से छह मकानों को खतरा हो गया है। फुलतड़ी गांव की देवकी देवी के मकान को खतरा हो गया है। उन्होंने क्षेत्र पंचायत सदस्य के घर में शरण ले रखी है। क्षेत्र पंचायत सदस्य विक्रम सिंह के अनुसार तबाही की जानकारी रात ही में तहसील प्रशासन और आपदा नियंत्रण कक्ष को दे दी थी, लेकिन किसी भी अधिकारी या कर्मचारी ने गांव का दौरा नहीं किया।
क्षेत्र पंचायत सदस्य ने बताया कि रोजीबुंगा तक पीएमजीएसवाई की सड़क निर्माण के दौरान निकला सारा मलबा गांव में पट गया है। उन्होंने कहा कि इससे पहले गांव में कभी आपदा नहीं आई, लेकिन इस बार अनियोजित तरीके से की गई सड़क की कटिंग से यह समस्या खड़ी हो गई है। पूरा गांव खतरे की जद में है। उन्होंने तहसील प्रशासन से आग्रह किया है कि तत्काल गांव की सुरक्षा, पानी के निकास और मलबे को हटाने का काम किया जाए, ताकि बरसात के सीजन में किसी प्रकार का खतरा न हो। पहली बारिश के झटके में ही गांव में तबाही मचने से लोग भारी दहशत में हैं।
थल-मुनस्यारी मार्ग दूसरे भी रहा बंद
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। थल-मुनस्यारी मार्ग पर बेटुलीधार के पास टूटी सड़क की मरम्मत अभी नहीं हो पाई है। इस कारण इस रोड पर रविवार को दूसरे दिन भी यातायात बंद रहा। मुनस्यारी से पिथौरागढ़ जाने वाले वाहनों को मदकोट, जौलजीबी होकर निकलना पड़ रहा है। मुनस्यारी से दिल्ली और हल्द्वानी जाने वाली गाड़ियों के लिए सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। उनको 60 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर काटना पड़ रहा है। मुनस्यारी से पिथौरागढ़ जाने के लिए एक सड़क मदकोट, जौलजीबी होकर बनी है, लेकिन इस सड़क की हालत भी ठीक नहीं है। थल-मुनस्यारी रोड बंद होने और बारिश का मौसम शुरू होने से अब यहां पर्यटन सीजन सिमटने लगा है। बड़ी संख्या में यहां पहुंचे पर्यटक अब लौटने लगे हैं। लोनिवि के ईई पीसी जोशी ने बताया कि बेटुलीधार में सड़क का करीब 30 मीटर हिस्सा गायब है। वहां पर पहाड़ी को काटकर वाहनों के चलने लायक रोड तैयार की जा रही है। अभी सड़क खुलने में समय लगेगा। उन्होंने कहा कि यदि मौसम सामान्य रहा तो काम तेजी से किया जाएगा।
पांच घंटे बंद रहा कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग
धारचूला (पिथौरागढ़)। तवाघाट-मांगती के बीच मलघाट और तीनतोला में सड़क पर भारी मात्रा में मलबा आने से कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग रविवार को पांच घंटे बंद रहा। कैलास मानसरोवर यात्री तवाघाट से नारायणआश्रम तक निगम के वाहनों से जाते हैं और उनका सामान जीपों से गाला पड़ाव पहुंचाया जाता है। यात्रियों का सामान लेकर जा रही जीपें मलघाट और तीनतोला में फंसी रही। बताया गया कि रोड सुबह दस बजे बंद हो गई थी। सीमा सड़क संगठन ने अपरान्ह तीन बजे मलबा हटाकर यातायात सामान्य बनाया।