पिथौरागढ़। अब सीमांत जिले में बागवानी मिशन योजना से किसान सशक्त बनेंगे। किसानों की आर्थिकी मजबूत करने के लिए जिले के आठों विकासखंड में 85 हेक्टेयर भूमि पर फलों के बाग अस्तित्व में लाए जाएंगे। इन बागों में खुमानी, सेब, पुलम, आड़ू, कीवी का उत्पादन किसानों की बेहतर आमदनी का जरिया बनेगा।
विभाग ने आठों विकासखंड के 85 हेक्टेयर भूमि में 35 लाख रुपये की लागत से बागान स्थापित करेगा। इस भूमि में खुमानी, सेब, पुलम, आड़ू, कीवी के 6950 पौधे रोपे जाएंगे। उद्यान विभाग की इस योजना से लगभग 150 से अधिक किसानों को लाभ पहुंचेगा। 25-25 हेक्टेयर भूमि पर खुमानी और सेब के बागान स्थापित होंगे।
वहीं 10-10 हेक्टेयर भूमि पर आड़ू, कीवी तो 15 हेक्टेयर भूमि पर पुलम के पौधे लगाए जाएंगे। उद्यान विभाग के मुताबिक, दो से तीन वर्षों में इन बागों में फलों की पैदावार शुरू होगी। किसानों फल उत्पादन के जरिये रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे और उनकी आर्थिकी मजबूत होगी।
मिलेगा 50 फीसदी अनुदान
उद्यान विभाग की बागवानी मिशन योजना के तहत किसानों को खुमानी, सेब, कीवी आदि फलों के बाग स्थापित करने के लिए 50 फीसदी का अनुदान दिया जाएगा। विभाग पौधे उपलब्ध कराने के साथ जैविक उर्वरक भी उपलब्ध कराएगा। पौधों में कीट प्रबंधन के लिए किसानों का सहयोग करेगा।
बागवानी मिशन योजना के तहत किसानों की भूमि में फलों के बाग स्थापित किए जाएंगे। उम्मीद है यह योजना सफल होगी और किसानों को इसका लाभ पहुंचेगा। विभाग किसानों का पूरा सहयोग करेगा।
-अभिनव कुमार, मुख्य उद्यान अधिकारी, पिथौरागढ़