धारचूला में संचार कंपनियों का पुतला फूंकते लोग।
- फोटो : पिथौरागढ़
सीमांत क्षेत्र की संचार व्यवस्था के बार-बार बाधित होने से नाराज लोगों ने संचार कंपनियों का पुतला फूंका। कहा कि यदि संचार सेवाओं में शीघ्र सुधार नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
शनिवार को छात्र नेता नरेश रौतेला के नेतृत्व में युवाओं ने दूर संचार कंपनियों का पुतला फूंका। इस अवसर पर प्रदर्शन करते हुए कहा कि सीमांत की संचार सेवा लगातार बाधित हो रही है। संचार सेवाओं में आ रही खराबी के कारण उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शिकायत करने के बावजूद कोई ध्यान नहीं दिया जाता है। पुतला फूंकने वालों में महेंद्र धामी, वीरेंद्र भंडारी, कंचन बोनाल, दीप्ति कोरंगा, हिमांशु भाट आदि शामिल थे।
इधर बीएसएनएल के जेटीओ जोगेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि सड़क कटिंग के दौरान ओएफसी कटने से इस तरह की परेशानी पैदा हो रही रही है। शुक्रवार की शाम को जौलजीबी में ओएफसी कट गई थी। इसे सुबह 11 बजे ठीक कर दिया गया था। इसके बाद फिर केबल कटने की शिकायत मिली है। केबल को जोड़ा जा रहा है।