लोहाघाट (चंपावत)। नगर का प्रमुख पंचेश्वर-बाराकोट टैक्सी स्टैंड लंबे समय से बदहाली का दंश झेल रहा है। जलभराव, गहरे गड्ढों और चोक नालियों के कारण यात्रियों, वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
टैक्सी स्टैंड परिसर में बारिश के बाद पानी जमा हो जाता है। सड़क किनारे बनी नालियां बंद होने और आदर्श कॉलोनी की ओर से आने वाले नाले की सफाई नहीं होने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इससे परिसर में लंबे समय तक जलभराव की स्थिति बनी रहती है।
स्थानीय निवासियों नमन जोशी और अमित मेहता ने बताया कि कुछ समय पहले राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की ओर से सड़क के कुछ गड्ढों की मरम्मत कराई गई थी लेकिन नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था नहीं की गई। इससे समस्या जस की तस बनी हुई है।
वाहन चालकों उमेश कालाकोटी, अमर सिंह, गिरीश सिंह, नवीन चंद्र और दीवान सिंह का कहना है कि जलभराव और गड्ढों के कारण वाहन पार्क करने में दिक्कत होती है। कई बार दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है। मजबूरी में चालकों को सड़क किनारे वाहन खड़े करने पड़ते हैं।
-
पंचेश्वर-बाराकोट टैक्सी स्टैंड में पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। कई बार वाहन पार्क करना आसान नहीं होता है। सड़क किनारे वाहन पार्क करने पड़ते हैं। पानी निकासी की व्यवस्था की जानी चाहिए। -दिनेश सिंह, वाहन चालक
-
नगर का प्रमुख यातायात केंद्र पंचेश्वर-बाराकोट टैक्सी स्टैंड लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। टैक्सी स्टैंड में जलभराव, गहरे गड्ढों, चोक नालियों के कारण यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। -राम सिंह, वाहन चालक
सड़क पर बने गड्ढों को भर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कर समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। -विवेक कुमार, प्रभारी ईई, एनएच खंड