उत्तर भारत का सुविख्यात मां पूर्णागिरि धाम का मेला इस बार सात मार्च से 5 जून तक 119 दिन चलेगा। दर्जा कैबिनेट मंत्री हेमेश खर्कवाल की मौजूदगी में हुई मेले की तैयारी बैठक में प्रशासन ने मेले की विभिन्न व्यवस्थाएं तय की हैं। बैठक में पार्टी के जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित न किए जाने पर भाजपाइयों ने हंगामा भी किया।
तहसील सभागार में हुई बैठक में तय हुआ है कि मेले की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखे जाने को हर 15 दिन में समीक्षा बैठक होगी। मेला अवधित तक क्षेत्र में सभी विभागों के विश्राम गृह मेला प्रशासन के अधीन रहेंगे। सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता होगी। समूचा मेला क्षेत्र सीसी कैमरों की नजर में रहेगा। ठुलीगाड़ बैरियर से आगे 25 टैक्सी वाहन चलेंगे। इनमें पांच वाहनों की आय चिकित्सा कैंपों में दवाई की व्यवस्था में खर्च होगी। पथ प्रकाश की व्यवस्था इस बार भी ककरालीगेट से मुख्य मंदिर तक रहेगी। टैक्सी वाहनों में किराया पूर्ववत 20 रूपये रहेगा। मेले से पूर्व वन, लोनिवि और राजस्व विभाग ठुलीगाड़ से ऊपर मेला क्षेत्र में हुए अतिक्रमण को हटाएगा।
लोनिवि और एडीबी को शीघ्र मार्गों की दशा सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। व्यवस्था और सुरक्षा में लगे अधिकारियों के मोबाइल नंबरों की सूची जगह-जगह चस्पा रहेगी। भैरव मंदिर चिकित्सा कैंप के स्टाफ में कटौती कर इस बार काली मंदिर में अतिरिक्त एलोपैथिक चिकित्सा कैंप स्थापित होगा, जिसमें जीवन रक्षक दवाओं के साथ ही आक्सीजन सुविधा भी होगी। दर्जा कैबिनेट मंत्री ने अधिकारियों को मेले से पूर्व व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और शिथिलता पर कार्रवाई की हिदायत दी है। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष केएस अधिकारी, डीएम दीपेंद्र चौधरी, एसपी डीएस कुंवर, सीडीओ एसएसएस पांगती, एसडीएम जेएस राठौर, मंदिर समिति अध्यक्ष किशन तिवारी, पूर्णागिरि व्यापार मंडल अध्यक्ष भुवन चंद्र पांडेय समेत तमाम विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
भाजपाइयों ने शासन-प्रशासन का पुतला फूंका
टनकपुर (चंपावत)। मेले की तैयारी बैठक में पार्टी जनप्रतिनिधियों को न बुलाने से गुस्साए भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला महामंत्री दीपक पाठक और नरेश सकारी की अगुवाई में हंगामा कर विरोध जताया। बाद में भाजपाइयों ने चड्डा चौराहे पर शासन-प्रशासन का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष सुभाष बगौली ने आरोप लगाया कि पूर्णागिरि के धार्मिक मेले को जिला प्रशासन कांग्रेसी रंग देने का प्रयास कर रहा है।