पिथौरागढ़। साइबर ठग टीवी शो के नाम पर लाखों के इनाम का लालच देकर आपको आसानी से ठग सकते हैं। आपकी एक गलती आपको कितनी बड़ी मुसीबत में डाल सकती है। इसका आप अंदाजा भी नहीं लगा सकते हैं।
टीवी शो के नाम पर लॉटरी या इनाम को कोई ठगी न समझे, इसके लिए आपको एक वीडियो भेजकर यकीन दिलाने का प्रयास भी किया जाएगा। अगर आप इस झांसे में आ गए तो आपकी जेब कटते देर नहीं लगेगी।
जौलजीबी में रमेश चंद्र ओझा को एक बड़े टीवी शो से कॉल आया। जिसमें उन्हें बताया गया कि उनकी सात लाख की लॉटरी लगी है। इसके लिए उन्हें 95 हजार रुपये देने होंगे।
रमेश ने कॉल करने वाले को जमकर लताड़ लगाई और कहा कि तुम लोग इस तरह के काम कर लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनकी मेहनत की कमाई उड़ा लेते हो।
यहां फोन मत करना, पुलिस में नंबर दे दूंगा। लताड़ के बाद भी कॉल करने वाला व्यक्ति बेहद सहज तरीके से व्यवहार करने लगा और कुछ देर बाद उसने कॉल किया।
उसने बताया कि आप गलत समझ रहे हम टीवी शो के ऑफिस मुंबई से बोल रहे हैं। कॉल करने वाले व्यक्ति ने यकीन दिलाने के लिए एक ऑफिस का वीडियो भी भेजा। इसमें देश के एक बड़े उद्योग पति भी दिखाई दे रहे हैं। 17 फरवरी को भी नगर के एक युवक को 25लाख की लॉटरी का झांसा देने का प्रयास किया गया।
उससे मामा के नाम का चेक बनाने के लिए 9250 रुपये पंजीकरण शुल्क मांगा गया था। हालांकि वह अपने मामा की सूझबूझ से झांसे में आने बच गया, लेकिन टीवी शो वाले उसे भी यकीन दिलाने के लिए दिन भर कॉल करते रहे।
लोगों को टीवी शो के नाम पर लाखों का लालच देने वाले साइबर ठगों से बचना होगा। साइबर ठग तरह-तरह के हथकंडे अपनाकर लोगों को फंसाने का प्रयास करते रहते हैं। एक गलती के कारण आप अपनी जीवन की गाढ़ी कमाई से हाथ धो बैठेंगे। इस तरह की कॉल आने पर बैंक से संबंधित या अन्य कोई भी जानकारी नहीं देनी चाहिए। जागरूकता ही बचाव है। पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सावधान करती रहती है।
आरएस रौतेला, सीओ पिथौरागढ़