पिथौरागढ़। अग्निवीर सेना भर्ती में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए अस्थायी रूप से शौचालय बनाने के आदेश में नगर पालिका के एक अनधिकृत व्यक्ति ने हस्ताक्षर कर दिए। ईओ ने अवकाश के दौरान अवर अभियंता को अधिकृत किया था। ईओ ने इस मामले में पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच कर अनधिकृत व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। ईओ ने अन्य आदेशों पर अनधिकृत व्यक्ति ने हस्ताक्षर होने का संदेह जताया है।
ईओ दीपक गोस्वामी ने बुधवार को कोतवाली पिथौरागढ़ में तहरीर देकर कहा कि 15 अगस्त से 18 अगस्त तक वह मुख्यालय से बाहर थे। इस अवधि में उन्होंने दैनिक, नैतिक कार्यों के निर्वहन के लिए अवर अभियंता को अधिकृत किया था। 31 अगस्त को अग्निवीर भर्ती रैली में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों के लिए अस्थायी शौचालयों के निर्माण के लिए जारी किए गए आदेश को उन्होंने देखा।
इसमें पाया कि कि आदेश में अधिकृत अवर अभियंता के हस्ताक्षर न होकर किसी अन्य अनधिकृत व्यक्ति के हस्ताक्षर हैं। उन्होंने कहा कि पूरी संभावना है कि अनधिकृत व्यक्ति ने अन्य पत्रावली में भी हस्ताक्षर किए होंगे। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।