जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की बैठक में मौजूद पदाधिकारी। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : PITHORAGARH
उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाएं आज से शुरू हो रही हैं। सोमवार को पहला प्रश्नपत्र इंटरमीडिएट हिंदी का होगा। पिथौरागढ़ जिले में हाईस्कूल और इंटर के 14077 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। बोर्ड परीक्षाओं को नकल विहीन बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने चार सचल दल गठित किए हैं।
परीक्षा के लिए जिले में कुल 94 एकल और मिश्रित केंद्र बनाए गए हैं। हाईस्कूल के 7512 और इंटर के 6565 कुल 14077 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा संपन्न कराने के लिए 12 सेक्टर बनाए गए हैं। इनमें संबंधित क्षेत्र के उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और खंड विकास अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र में एक केंद्र व्यवस्थापक, एक कस्टोडियन तैनात रहेंगे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार जुकरिया ने बताया कि नकल विहीन परीक्षा के लिए चार सचल दल बनाए गए हैं। एक दल में मुख्य शिक्षा अधिकारी, दूसरे में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक, तीसरे दल में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य और चौथे दल में डीईओ बेसिक रहेंगे। इसके अलावा संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारियों की टीम भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेगी। मंगलवार को हाईस्कूल हिंदी का प्रश्नपत्र होगा। बोर्ड परीक्षाएं 25 मार्च को संपन्न होगी।