बंगापानी के नाथिंग में मकान पर पड़ी दरारें। स्रोत: ग्रामीण
बंगापानी ( पिथौरागढ़) । क्षेत्र के ग्राम सभा गोल्फा के तोक नाथिंग में चार परिवार वर्ष 2013 की आपदा से विस्थापन की आस लगाए बैठे हैं। उनके घरों पर बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं। पीड़ितों का कहना है कि सुरक्षा की दृष्टि से अब घर पर एक दिन भी ठहरना भी मुश्किल हैं।
तोक नाथिंग के मंगल सिंह, दीवान सिंह, जगमोहन सिंह, रूद्र सिंह के भवनों में दरारें आ गई थीं। यह दरारें अब काफी बढ़ गई हैं। पीड़ितों का वर्ष 2013 में ही विस्थापन की सूची में नाम दर्ज हो गया था। 11 वर्ष बीतने के बाद भी शासन-प्रशासन की ओर से विस्थापन की कोई कार्यवाही नहीं की गई है। अब मकान ध्वस्त होने के कगार पर हैं। सूचना मिलने पर तहसील प्रशासन की टीम ने मौका मुआयना किया। पूर्व प्रधान मोहन सिंह कोरंगा ने प्रभावित परिवारों की अन्यत्र व्यवस्था करने और उन्हें विस्थापित किए जाने की मांग उठाई है। संवाद