झूलाघाट (पिथौरागढ़)। कस्बे के बलतड़ी क्षेत्र में अज्ञात बीमारी से गायों की मौत से पशुपालकों में दहशत फैल गई है। पिछले एक महीने में चार गायों की जान जा चुकी है। कल्याण चंद ने बताया कि उनकी दुधारू गाय अचानक बीमार होकर मर गई। इसके बाद त्रिलोक सिंह भंडारी, अरुण चंद की गायों और रमेश चंद के बछड़े की भी इसी तरह मौत हुई है। लालू चंद की गाय में भी ऐसे ही लक्षण दिख रहे हैं। इन मौतों से पशुपालकों को भारी नुकसान हो रहा है। पशुपालन विभाग का मानना है कि रासायनिक घास इन घटनाओं का कारण हो सकती है। अधिकारियों के अनुसार, ग्रामीण अधिक उत्पादन के लिए रसायनों का प्रयोग करते हैं या बाहर से खरीदी गई सूखी घास में भी रसायन हो सकते हैं।
गायों की मौत का कारण कैमिकल युक्त हरी घास का सेवन हो सकता है। जल्द ही बलतड़ी गांव में शिविर लगाकर कारणों का पता लगाकर उचित इलाज किया जाएगा।
-डॉ. कुनिका तिवारी, पशु चिकित्साधिकारी, पशु चिकित्सालय, झूलाघाट