सड़क की मांग को लेकर लछीमा गांव में धरना देती महिलाएं
- फोटो : अमर उजाला
हलियाडोब-लछीमा-ओखरानी मार्ग के निर्माण की मांग को लेकर मंगलवार को क्षेत्र की महिलाओं ने लछीमा गांव में धरना दिया। सड़क का निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग को लेकर गठित संघर्ष समिति ने 16 फरवरी से अनशन शुरू करने का ऐलान किया है। संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि पिछले दिनों कुछ लोगों ने आंदोलन स्थगित होने संबंधी गलत सूचना प्रसारित कर दी थी। लोग आंदोलन के लिए अडिग हैं।
संघर्ष समिति के संरक्षक देवीदत्त पाठक ने कहा कि सड़क आठ साल पहले स्वीकृत हो गई थी। लोनिवि ने सड़क निर्माण का थोड़ा काम किया, फिर काम बंद कर दिया। वर्षों से सड़क सुविधा मिलने की आस लगाए लोगों को विभाग और सरकार मिलकर निराश कर रहे हैं। महिलाओं ने धरना देकर कहा कि सड़क के लिए चलाए जाने वाले आंदोलन में पूरा साथ देंगे।
लोगों ने लोनिवि को चेतावनी दी है कि यदि 15 फरवरी से सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ तो 16 फरवरी से अनशन शुरू कर दिया जाएगा। इस दौरान भैरव दत्त पाठक, मोहन पाठक, सोहन सिंह सैनी, मथुरा पाठक, हरीश पाठक, हयात सिंह, निर्मला पाठक, तनुजा पाठक आदि लोग थे। आंदोलन के लिए कई गांवों में संपर्क किया जा रहा है।