फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धारचूला को बचाने के लिए नेपाल की तरह मजबूत तटबंध बनाने की मांग मुखर

विज्ञापन
धारचूला में काली नदी से हो रहे कटाव का निरीक्षण करते एसडीएम अनिल शुक्ला। - फोटो : PITHORAGARH
विज्ञापन
धारचूला (पिथौरागढ़)। बरसात में हर साल रौद्र रूप धारण कर रही काली नदी से धारचूला को बचाने के लिए नेपाल की तरह मजबूत तटबंध बनाने की मांग मुखर होती जा रही है।
विज्ञापन

सीमांत के लोगों का कहना है कि नेपाल में बने मजबूत तटबंधों के कारण अब पानी का बहाव भारत की ओर हो गया है यदि शीघ्र भारतीय क्षेत्र में आबादी वाले स्थानों पर आरसीसी के मजबूत तटबंध नहीं बनाए गए तो गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
भारत की ओर काली नदी में हर साल तटबंधों का निर्माण किया जाता है लेकिन इनकी गुणवत्ता इतनी खराब होती है कि अधिकांश तटबंध एक बरसात भी नहीं झेल पाते हैं।
काली नदी किनारे नेपाल ने वर्ष 2013 में आई भीषण आपदा को देखते हुए तटबंध बनाने का काम शुरू किया था। नेपाल सरकार ने गल्फे नामक स्थान से बंगाबगड़ तक पांच किमी लंबा तटबंध बनाया। इस पर तीन अरब पांच करोड़ रुपये की राशि खर्च हुई।
विज्ञापन

नेपाल की ओर काली नदी में बना यह तटबंध 16 फीट ऊंचा और आठ मीटर चौड़ा है। यह तटबंध दार्चुला की सुरक्षा तो कर ही रहा है इसमें कार और दोपहिया वाहन चलने से यातायात के काम भी आ रहा है।
भ्रमण पर आए प्रदेश के एक पूर्व मुख्यमंत्री भी इस तटबंध की तारीफ कर चुके हैं। नेपाल की ओर बने इस तटबंध से टकराकर काली नदी का पानी अब भारत की ओर कटाव कर रहा है। इससे भविष्य में भारी नुकसान होने की आशंका है।
ऐसे में सीमांत के लोगों ने नेपाल की तरह मजबूत तटबंध बनाने की मांग मुखर कर दी है। व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह थापा, रं कल्याण संस्था के कृष्णा गर्ब्याल, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अशोक नबियाल, महिराज गर्ब्याल ने मजबूत तटबंध बनाने की मांग की है।
एसडीएम ने लोनिवि और सिंचाई विभाग के अभियंताओं के साथ किया निरीक्षण
धारचूला। काली नदी के उफान पर आने से धारचूला की ओर तेजी से कटाव होने की आशंका बनी है। कई स्थानों पर मलबा नदी में समा रहा है। कुमाऊं आयुक्त अरविंद सिंह ह्यांकी के निर्देश पर शनिवार को एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला ने काली नदी से हो रहे कटाव का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने घटखोला में कटाव को रोकने के लिए सिंचाई विभाग के ईई चंद्रशेखर आर्या, पीडब्लूडी के अभियंता जीसी भट्ट को जरूरी निर्देश दिए। सिंचाई विभाग के अभियंता चंद्रशेखर ने बताया कि खोतिला से स्टेडियम तक कई हिस्सों में तटबंध निर्माण के लिए 25 करोड़ का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें