पिथौरागढ़। छह दिन बाद मंगलवार को दिल्ली-देहरादून रूट पर विमान ने उड़ान भरी जिससे भैया दूज पर यात्रियों को कुछ राहत मिली। दिवाली के बाद मैदानी क्षेत्र को लौटने वाले प्रवासी भी अब विमान से आसान और सुगम सफर कर जल्द गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
दिल्ली-पिथौरागढ़ और पिथौरागढ़-देहरादून रूट पर संचालित विमान सेवा पिछले हफ्ते मंगलवार को बंद हो गई थी। विमान सेवा संचालित कर रही कंपनी एलायंस एयर ने तकनीकी कारण का हवाला दिया और बीते सोमवार तक विमान दिल्ली से पिथौरागढ़ की नहीं आया। ऐसे में दोनों रूट पर सेवा छह दिन लगातार ठप रही।
दिवाली पर्व के बीच विमान सेवा ठप होने से दोनों रूट पर यात्रियों का निराशा और परेशानियों का सामना करना पड़ा। अधिकतर यात्रियों को त्योहार पर घर पहुंचने की अपनी योजना में बदलाव कर टैक्सी या बसों का सहारा लेना पड़ा।
भैया दूज के ठीक पहले मंगलवार को फिर से विमान सेवा संचालित होने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली। दिल्ली से भैया दूज पर्व के लिए घर पहुंचे विवेक जोशी ने बताया कि विमान सेवा से उनकी यात्रा आसान हो गई।
वहीं रिया मेहरा ने बताया कि फ्लाइट दोबारा शुरू होने से उनका भाई अश्विन भी कुछ ही देर में दिल्ली से पिथौरागढ़ पहुंच गया। उम्मीद जताई कि सेवा सुचारु रहने पर भाई की वापसी की यात्रा भी सुगम होगी।