मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित स्वास्थ्य शिविर बदहाली की भेंट चढ़ गया। जांच की आस में पहुंचे मरीजों को पांच घंटे के लंबे इंतजार के बाद भी अल्ट्रासाउंड सेवा नहीं मिल सकी। शिविर के दावों की पोल खोलते हुए 40 से अधिक पीड़ित मरीज बिना जांच कराए ही निराश होकर लौटने को मजबूर हुए।
सीएचसी में सेवा पखवाड़ा के तहत यह शिविर लगाया गया था, जिसमें अल्ट्रासाउंड का वादा किया गया था। कई मरीजों ने स्थानीय स्तर पर सुविधा की उम्मीद में पंजीकरण कराया और सुबह से भूखे-प्यासे इंतजार करते रहे। पहले गर्भवतियों का अल्ट्रासाउंड किया गया। बाद में सामान्य मरीजों को बताया गया कि केवल गर्भवतियों के अल्ट्रासाउंड के निर्देश हैं।
रेडियोलॉजिस्ट ने 40 से अधिक सामान्य मरीजों का अल्ट्रासाउंड करने से इन्कार कर दिया। मरीजों ने इसे औचित्यहीन बताया और कहा कि उन्हें बेवजह इंतजार कराया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यह आयोजन सिर्फ वाहवाही लूटने के लिए था।
जगत मर्तोलिया ने दी भूख हड़ताल की चेतावनी
पूर्व जिला पंचायत सदस्य जगत सिंह मर्तोलिया ने कहा कि जब अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं मिलेगी तो शिविर किस बात का है। उन्होंने कहा कि दूर-दराज से गंभीर रोगी पैदल चलकर शिविर में पहुंचे। आखिर में अल्ट्रासाउंड करने से मना कर दिया गया। उन्होंने कहा कि सामान्य मरीजों के लिए भी स्थानीय स्तर पर अल्ट्रासाउंड शिविर लगना चाहिए। अगले महीने तक यह व्यवस्था नहीं हुई तो वे कलेक्ट्रेट परिसर में भूख हड़ताल शुरू कर देंगे।
................
शिविर में केवल गर्भवती महिलाओं का ही अल्ट्रासाउंड किया जाना था। इसकी सूचना पहले की सार्वजनिक की गई थी। ऐसे में अन्य रोगियों के अल्ट्रासाउंड नहीं किए गए।
-डॉ. गौरव कुमार, प्रभारी चिकित्साधिकारी, सीएचसी, मुनस्यारी