चंपावत। अटल उत्कृष्ट पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज चंपावत में छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए पांच अतिरिक्त कक्षा कक्षों का निर्माण किया जा रहा है। जिला योजना के तहत 15 लाख रुपये की लागत से एक कक्षा कक्ष बनाया जा रहा है जबकि आरडब्ल्यूडी 1.28 करोड़ से चार अतिरिक्त कक्षा कक्षों का निर्माण कराया जा रहा है।
पीएम श्री जीआईसी चंपावत पूरे जनपद में सबसे अधिक छात्र संख्या वाला विद्यालय है। यहां विद्यार्थियों की संख्या अधिक होने के कारण कक्षा कक्षों में बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी। इसके चलते छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। समस्या को देखते हुए विद्यालय में अतिरिक्त कक्षा कक्षों का निर्माण कराया जा रहा है।
सीओ मान सिंह ने बताया कि विद्यालय में छात्र संख्या काफी अधिक है। इस कारण बच्चों को बैठने में परेशानी होती थी। जिलाधिकारी मनीष कुमार के प्रयासों से जिला योजना के तहत 15 लाख रुपये की लागत से एक कक्षा कक्ष स्वीकृत किया गया है।
प्रधानाचार्य उमेद सिंह बिष्ट ने बताया कि चार कक्षा कक्षों का निर्माण किया जा रहा है। बताया कि सीएम के सामने कक्षा कक्षों की समस्या रखी थी। सीएम ने प्रमुखता से संज्ञान लेकर कक्षा कक्षों के लिए धन स्वीकृत करवाया हैं।
उन्होंने बताया कि सभी कक्षा कक्षों का निर्माण पूरा होने के बाद विद्यार्थियों को बैठने के लिए पर्याप्त जगह मिलेगी। इससे पठन-पाठन की व्यवस्था बेहतर होगी और बच्चों को पढ़ाई में काफी सहूलियत मिलेगी।