पिथौरागढ़ के देव सिंह मैदान में चुनावी रैली के बाद फेंके भाजपा के झंडे।
- फोटो : पिथौरागढ़
गृह मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के मंच से जाते ही कार्यकर्ता भी चलते बने। गृह मंत्री, मुख्यमंत्री के मंच पर रहने के दौरान पार्टी के जो झंडे कार्यकर्ता हाथों में लहरा रहे थे, उनके जाते ही कार्यकर्ताओं ने झंडे देव सिंह खेल मैदान की नालियों में फेंक दिए। इस दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी वहां से गुजरे लेकिन पार्टी के झंडों की दुर्दशा पर किसी का ध्यान नहीं गया।
आखिरकार नियमित हवाई सेवा पर देनी पड़ी सफाई
पिथौरागढ़। राष्ट्रवाद और पीएम मोदी के सहारे लोकसभा चुनाव की वैतरणी पार करने की कोशिश में जुटी सरकार को पिथौरागढ़ पहुंचने पर नियमित हवाई सेवा के सवाल से भी जूझना पड़ा। यहां आयोजित जनसभा में सीएम त्रिवेंद्र रावत ने नैनी सैनी से हवाई सेवा नियमित रूप से जारी न रहने के पीछे तकनीकी अड़चन बताई और आश्वस्त किया कि यह सेवा जल्द ही नियमित रूप से शुरू होगी।
पिथौरागढ़ की हवाई सेवा नौ फरवरी से बाधित है। सीएम के मुताबिक देश में नए विमानों की खरीद चल रही है। यह खरीद हो जाने पर विमान सेवा को सुचारु किया जा सकेगा। नियमित हवाई सेवा का मुद्दा सीमांत जिले में काफी गरम भी है। बेहतर सड़क संपर्क न होने की वजह से लोगों को इस हवाई सेवा से राहत की उम्मीद थी। अक्टूबर, 2018 में ही खुद केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ की मौजूदगी में यह हवाई सेवा शुरू हुई थी। ऐसे में राजनाथ सिंह के यहां पहुंचने पर लोगों के मन में यह सवाल उठना लाजिमी भी था। हालांकि जन सभा में यह सवाल किसी भाजपाई की तरफ से नहीं उठाया गया और राजनाथ सिंह भी इस पर कुछ नहीं बोले लेकिन सीएम ने अपनी तरफ से इस पर सफाई दी।