थल (पिथौरागढ़)। पांखू के संगौड़ में दिवाली पर दीये से एक परचून की दुकान में आग लग गई। घटना में कारोबारी को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। जानकारी के मुताबिक संगौड़ निवासी आनंद पाठक बीते मंगलवार रात दिवाली पर दुकान में दीया जलाकर 200 मीटर दूर अपने घर गए। इसी बीच दीये से दुकान में आग फैल गई। कुछ ही देर में आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान के भीतर रखे तीन रसोई गैस सिलिंडर भी फट गए इससे दुकान की छत भी उड़ गई। कारोबारी और अन्य ग्रामीणों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। संयोग से आसपास कोई भवन या दुकान नहीं थीं इससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। कारोबारी के मुताबिक उसे इस घटना में चार लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। संवाद
............
बरदानी मंदिर में राकेट से जंगल में लगी आग
पिथौरागढ़। नगर के नजदीक बरदानी मंदिर के पास दिवाली पर जलाए गए राकेट से जंगल में आग लग गई। फॉयर ब्रिगेड की टीम ने बमुश्किल आग पर काबू पाया। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी नरेंद्र प्रसाद ने बताया कि कहीं से एक राकेट जंगल में पहुंच गया। इससे घास में आग पकड़ ली। कुछ ही देर में आग जंगल के बड़े दायरे में फैल गई। सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। संवाद