चंपावत/लोहाघाट। अग्निशमन विभाग और पुलिस ने जिले के कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरियों में सुरक्षा की दृष्टि से चेकिंग अभियान चलाया। चंपावत नगर में एसआई मदन सिंह राणा के नेतृत्व में अर्जुन सिंह, अग्निशमन विभाग के कांस्टेबल मनोज सिंह बोहरा, भैरव सिंह मौनी ने चार लाइब्रेरी, एक सीएससी और एक कोचिंग सेंटर का निरीक्षण किया।
इस दौरान सुरक्षा मानकों में खामियां पाए जाने पर व्यवस्थाएं ठीक करने के लिए निर्देशित किया गया। साथ ही आगजनी होने या अन्य किसी प्रकार की घटना होने पर बचाव के बारे में प्रबंधकों को जानकारी दी गई।
इधर, लोहाघाट क्षेत्र के कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरियों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। फायर स्टेशन लोहाघाट के प्रभारी हंस दास के नेतृत्व में टीम ने संस्थानों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकासी मार्गों और विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की। उन्होंने बताया कि उनकी टीम ने संस्थान संचालकों को आग से बचाव के उपायों और अग्निशमन उपकरणों के नियमित रखरखाव की जानकारी दी गई। इसके अलावा संस्थानों के संचालकों को अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।