थल (पिथौरागढ़)। यहां हजेती के जंगल में रविवार की रात कुछ अराजक तत्वों ने आग लगा दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने चार घंटे की मशक्कत के बाद रात करीब 12 बजे आग पर काबू पाया। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आग पर जल्दी काबू पा लिया गया।
हजेती के जंगल में चीड़ के पेड़ हैं। इन दिनों भारी मात्रा में पिरूल गिरे हैं। उनमें आग तेजी से फैल जाती है। वन दरोगा बीएस आगरी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद जंगल की आग पर काबू पा लिया। उन्होंने कहा कि आग सड़क की तरफ से लगी थी।
इससे साफ जाहिर होता है कि किसी शरारती तत्व ने यह हरकत की है। उन्होंने कहा कि जंगल में आग लगाने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा और पकड़े जाने पर जुर्माना भी वसूला जाएगा। इधर, पिछले दो दिन से वर्षा बंद हो जाने से वन विभाग की चिंता बढ़ने लगी है।
इस समय सभी 60 क्रू स्टेशनों में कर्मचारी रात-दिन ड्यूटी दे रहे हैं। पिछले हफ्ते हुई बारिश से जंगलों में आग का खतरा टल गया था। इधर, पूरे जिले में एक बार फिर से मौसम के मिजाज को देखते हुए वन विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। ज्यादा संवेदनशील जंगलों पर नजर रखी जा रही है। चीड़ के जंगलों में आग लगने का खतरा ज्यादा रहता है। इस कारण इन जंगलों को संवेदनशील माना गया है। जिले में 60 फीसदी हिस्से में चीड़ के जंगल हैं।