झूलाघाट (पिथौरागढ़)। नेपाल सीमा से सटे झूलाघाट कस्बे की विद्युत सप्लाई सोमवार को चौथे दिन भी बहाल नहीं हो पाई। अव्यवस्था को लेकर लोगों में भारी गुस्सा है। लोगों ने सोमवार को ऊर्जा निगम के अभियंता हरीश कुमार को जमकर खरीखोटी सुनाई। बताया गया है कि निगम ने नया ट्रांसफार्मर तो पहुंचा दिया है लेकिन उसे फिट करने में दिक्कत आ रही है।
बिना जेसीबी मशीन के ट्रांसफार्मर को फिट कर पाना संभव नहीं है। लोगों का कहना है कि विभाग ने आधा-अधूरा काम किया है। नए ट्रांसफार्मर के साथ न तो सामग्री भेजी और न किसी तकनीशियन को ही भेजा गया है। भीषण गर्मी में लोग बिजली के बिना परेशान हो गए हैं।
लोगों के मोबाइल की बैटरी भी डाउन हो चुकी है। अब उनको अपने परिचितों से संपर्क साधने में भी दिक्कत पेश आ रही है। ऊर्जा निगम के एसडीओ वीके बिष्ट ने कहा कि मंगलवार तक सप्लाई सुचारु हो जाएगी। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर पहुंचा दिया गया है उसे जल्दी फिट कर दिया जाएगा। चार दिन पूर्व खराब मौसम के दौरान ट्रांसफार्मर पर बिजली गिरने से वह फुंक गया था। तब से सप्लाई बाधित चल रही है।