थल (पिथौरागढ़)। हिमालय के नजदीक खाबरचूला के जंगल में आग लगने से वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। आशंका जताई जा रही है कि वन्यजीवों के शिकार के लिए शिकारियों ने जंगल में आग लगाई होगी। वन विभाग जल्द ही क्षेत्र में टीम भेजने की बात कर रहा है।
कुछ दिन पूर्व खाबरचूला की चोटियों पर बर्फबारी हुई थी। बर्फबारी के बाद भोजन के लिए वन्यजीव निचले इलाकों में लौटते हैं। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं वन्यजीवों के शिकार के लिए शिकारियों ने खाबरचूला के जंगल में आग लगाई है। बीते सोमवार से यह जंगल धधक रहा है जिसमें लाखों की वन संपदा जलकर नष्ट हो चुकी है। वहीं वन्यजीवों के जीवन पर भी संकट गहरा गया है। डीडीहाट के रेंजर सुरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रभावित क्षेत्र में टीम भेज दी गई है, जल्द ही आग बुझा ली जाएगी।