पिथौरागढ़। सीमांत जिले में आए दिन चाइल्ड पॉर्नोग्राफी के मामले सामने आ रहे हैं। बलुवाकोट के बाद अब नाचनी में इस तरह का मामला सामने आया है। क्षेत्र के एक व्यक्ति की ओर से कई लोगों को बच्चों के अश्लील वीडियो भेजने का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक,
क्षेत्र के सैणराथी गांव का सुंदर सिंह लंबे समय से
लोगों को व्हाट्सएप के जरिये चाइल्ड पॉर्नोग्राफी के लिंक शेयर कर रहा था। इस लिंक में बच्चों की अश्लील वीडियो नजर आ रही थी। गृह मंत्रालय की नजर जब सुंदर सिंह के इस कारनामे पर पड़ी तो साइबर सेल को जांच के निर्देश जारी हुए।
साइबर सेल ने आरोपी की फेसबुक आईडी, मोबाइल नंबर, मैसेंजर खंगाला गया तो आरोप सही मिले। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अब तक कई लोगों को चाइल्ड पॉर्नोग्राफी की सामग्री भेज चुका है। थानाध्यक्ष मंगल सिंह ने कहा कि जब सुंदर सिंह की हिस्ट्री खंगाली तो सामने आया कि उसकी पूरे क्षेत्र में छवि बेहद खराब है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ केएस रावत ने कहा कि आरोपी के खिलाफ उचित कार्रवाई होगी।
-
बलुवाकोट में चाइल्ड पॉर्नोग्राफी में महिला का नाम आ चुका है सामने
बलुवाकोट में भी बीते दिनों एक महिला का नाम चाइल्ड पॉर्नोग्राफी में सामने आ चुका है। संबंधित महिला ने कई लोगों को बच्चों की अश्लील वीडियो शेयर की हैं। गृह मंत्रालय के निर्देश पर जब साइबर सेल ने जांच की तो महिला के कारनामे का पता चला। पुलिस ने संबंधित महिला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।