पिथौरागढ़। वनराजियों के राशन में कटौती करने और प्रति किलो राशन पर वनराजियों और अन्य लोगों से 50 पैसा भाड़ा वसूलने वाले के खिलाफ जिला जज के आदेश के बाद मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जमतड़ी के वनराजियों और लोगों ने पूर्ति विभाग पर भी सूचना देने के बाद भी कार्रवाई नहीं करने के आरोप लगाए हैं।
कुछ दिन पूर्व जिला जज डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार शर्मा ने वनराजि गांव जमतड़ी गए थे। यहां ग्रामीणों और वनराजियों ने जिला जज को सस्ता गल्ला विक्रेता के खिलाफ शिकायत पत्र सौंपा था। उनका कहना था कि सस्ता गल्ला विक्रेता उन्हें मानकों के अनुसार राशन नहीं दे रहा है और प्रति किलो 50 पैसे भाड़ा वसूल रहा है।
जिला जज ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पिथौरागढ़ को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए थे। पुलिस ने बताया कि सस्ता गल्ला विक्रेता के खिलाफ कोतवाली पिथौरागढ़ में मुकदमा दर्ज कर मामला अस्कोट कोतवाली को स्थानांतरित किया गया है। अब इस मामले की जांच कोतवाली अस्कोट पुलिस करेगी।
यूपीसीएल और नगर पंचायत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। बना गांव में 25 नवंबर को करंट लगने से हुई छात्र की मौत के मामले में छात्र के पिता ने उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) और नगर पंचायत के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
बना गांव निवासी नवीं कक्षा का छात्र अंकित कुमार त्रिपुरा देवी प्राथमिक विद्यालय मैदान से अपनी छोटी बहन को घर ला रहा था। उसी दौरान बिजली पोल की सपोर्ट तार पर पैर पड़से से अंकित को करंट लग गया और उसकी मौत हो गई थी। बसंत राम की तहरीर पर पुलिस ने धारा 304 ए के तहत यूपीसीएल और नगर पंचायत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।