स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून में अध्ययनरत यहां पंडा गांव निवासी ललित रावत की तमन्ना विश्व स्तर पर बॉक्सिंग खेलने और देश के लिए पदक लाने की है। 17 वर्षीय ललित ने छह साल के छोटे से कॅरिअर में एक दर्जन से ज्यादा पदक अपनी झोली में डाल दिए हैं।
इंटर के छात्र ललित ने कक्षा छह से लगातार अपने वेट कैटेगरी में स्वर्ण पदक जीते हैं। बॉक्सिंग कोटे से स्पोर्ट्स कॉलेज में कक्षा छह में दाखिला लेने वाले ललित ने वहां पर अपने कॅरिअर पर ही ज्यादा ध्यान दिया है। वह बॉक्सिंग की बहुत ज्यादा मेहनत करता है और रिंग पर जाने के बाद विरोधी का परास्त करता रहता है। पंडा निवासी भूपेंद्र रावत और कमला रावत के बेटे ललित ने 16 अक्तूबर को उत्तरकाशी में आयोजित राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भी बेहतरीन प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक हासिल किया। ललित की इस उपलब्धि से उसके गांव में खुशी का माहौल है। जिला खेल अधिकारी विनोद सिंह वल्दिया ने बताया कि जिस मेहनत से ललित आगे बढ़ रहा है, उससे साफ जाहिर होता है कि वह भविष्य में और अच्छा प्रदर्शन करेगा।