पिथौरागढ़। लॉकडाउन के चलते घरों में बच्चे काफी परेशान हैं। उनकी इस परेशानी को देखते हुए अब कई निजी विद्यालयों ने बुधवार से नए सत्र का पाठ्यक्रम अभिभावकों को ऑनलाइन उपलब्ध कराने की पहल शुरू की है। इससे बच्चों का मन भी लगा रहेगा।
विजडम स्कूल की प्रधानाचार्या निशा जोशी ने बताया कि उनके विद्यालय में प्राथमिक स्तर की बुनियादी शिक्षा दी जाती है। इसमें बच्चा प्रतिदिन कुछ न कुछ सीखता है। यही शिक्षा उनके भविष्य की नींव होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए विद्यालय प्रबंधन द्वारा अभिभावकों के व्हाट्सएप नंबर पर लिंक द्वारा कक्षावार पाठ्य सामग्री भेजी जा रही है। उन्होंने अभिभावकों से निवेदन किया है कि वह लॉकडाउन का पूर्ण पालन करते हुए बच्चों का पाठ्यक्रम डाउनलोड कर पढ़ाई सुचारु रखने में सहयोग करें।
पीएनएफ पब्लिक स्कूल ने वार्षिक परीक्षा परिणाम ऑनलाइन विद्यालय के मोबाइल एप पर घोषित कर दिया है। कोरोना के चलते जिन विषयों की परीक्षाओं का संचालन नहीं हो पाया, बच्चों के अर्द्धवार्षिक परीक्षा के आधार पर मूल्यांकन किया गया। स्कूल के प्रबंधक दीशांत अरोड़ा ने बताया कि छह अप्रैल से बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई शुरू की जाएगी। शिक्षकों ने अपने विषय के वीडियो बनाए हैं जिन्हें मोबाइल एप में अपलोड किया जा रहा है। कई अन्य विद्यालयों ने भी इंटर की कक्षाओं में दो घंटे ऑनलाइन पढ़ाई शुरू की है।
सोमेश्वर में भी शुरू हुई ऑनलाइन पढ़ाई
सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। लॉकडाउन के चलते स्कूल बंद हैं। बच्चों की नियमित पढ़ाई चलती रहे इसके लिए स्कूलों द्वारा बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई कराई जा रही है। आनंद वैली सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोमेश्वर ने भी यह यह व्यवस्था शुरू कर दी है।
स्कूल के शिक्षक घर से ही सुबह दस बजे से बारह बजे तक बच्चों को ऑनलाइन व्हाट्स ग्रुप के माध्यम से पढ़ा रहे हैं। इस दौरान शिक्षक छात्र-छात्राओं की शंकाओं का भी समाधान कर रहे हैं। विद्यार्थियों को गृह कार्य के अलावा प्रोजेक्ट भी दिए जा रहे हैं, ताकि उनकी पढ़ाई में व्यवधान नहीं आए। साथ ही कोरोना वायरस संक्रणम से बचने के लिए बच्चों और उनके अभिभावकों से भी घरों से बाहर नहीं निकलने और सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखे की अपील की जा रही है।
स्कूल के समन्वयक शैक्षणिक दीपक उपाध्याय ने बताया कि इसके अलावा बच्चों को सीबीएसई के शिक्षा दीक्षा एप की भी जानकारी देने के साथ ही एक्स्ट्रा मार्क्स स्मार्ट क्लास के माध्यम से सुविधाएं दी जा रही हैं।