कनालीछीना (पिथौरागढ़)। ग्राम पंचायत सिरोली में आठ वर्ष पूर्व लोनिवि की ओर से काटी गई सड़क का मुआवजा आज तक काश्तकारों को नहीं मिला है। उन्होंने आक्रोश जताते हुए जल्द मुआवजा न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
काश्तकार प्रेम रात, जगत राम, हरीश राम, मनोहर राम, देवराम, कमलेश कुमार का कहना है कि कई बार मांग उठाने के बाद भी मुआवजे के लिए सर्वे तक नहीं किया गया है। विभाग ने पहले दो किमी सड़क खेतों के बीच से काट दी। उसके बाद दोबारा सर्वे कर गांव के ऊपर से सड़क काट दी। पुरानी कटी सड़क को छोड़ दिया गया। काश्तकारों की नाप भूमि तो कट गई लेकिन मलबे से अब खेत किसी लायक नहीं रहे।
पूर्व प्रधान मनोज कुमार ने कहा कि मामले को कई बार क्षेत्र पंचायत की बैठक में उठाया गया लेकिन किसी के कानों में जूं तक नहीं रेंगी। लोनिवि के अवर अभियंता सतीश ग्वाल ने बताया कि राजस्व विभाग से सर्वे कराया जाएगा और प्रभावित किसानों को मुआवजा दिलाया जाएगा।