धारचूला (पिथौरागढ़)। केंद्रीय विद्यालय का 25वां स्थापना दिवस रजत जयंती समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए।
धौलीगंगा की गुनगुनाहटें थीम के साथ मनाए गए समारोह के मुख्य अतिथि एनएचपीसी धौलीगंगा के परियोजना प्रमुख एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एम कन्नन एवं अति विशिष्ट अतिथि एस कन्नन रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि सीआईएसएफ के कमांडेंट विकास प्रसाद, आर्मी स्कूल की प्रधानाध्यापिका स्वाति नौटियाल, प्राचार्य राहुल देव ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया।
स्काउट गाइड के विद्यार्थियों ने अतिथियों को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। छात्र-छात्राओं ने राजस्थानी, पहाड़ी, रं, गुजराती और हरियाणवी नृत्य पेश किया। बच्चों ने शिक्षा पर आधारित नाटक भी पेश किया। प्राचार्य ने बोर्ड परीक्षा के मेधावियों को पुरस्कृत किया। वहां डॉ. नीरज बनकोटी, अशोक मीना, प्रतीक पाल, डॉ. निशू, चारूलता मंगल, सुषमा भट्ट, जोगिंदर, मनीष जांगिड़ आदि मौजूद रहे।