ड्रमों में जमा पानी से खेतों में रोपाई लगाते ग्रामीण किसान। संवाद
बंगापानी (पिथौरागढ़)। बंगापानी क्षेत्र के ग्राम सभा मदरमा के मल्ला तामाखानी तोक में सिंचाई की कोई सुविधा नहीं है। गांव के किसान ड्रमों में बारिश का पानी जमा कर धान की रोपाई कर रहे हैं। बंगापानी क्षेत्र के मदरमा में धान की अच्छी पैदावार होती है। इसके बावजूद गांव में सिंचाई की सुविधा नहीं है।
गांव के रूप सिंह धामी ने घर के पास तालाब और ड्रमों में बरसात का पानी जमा किया है। अब वह इन तालाबों और ड्रमों से अपने खेतों में रोपाई कर रहे हैं। उनका यह प्रयोग क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। किसान कहते हैं कि आजादी के सात दशक बीत जाने के बाद भी गांव में एक सिंचाई नहर या गूल नहीं है। क्षेत्र के किसान मौसम के भरोसे रबी और खरीफ की फसलों की बुआई करते हैं। सब्जी उत्पादन भी इसी तरह सिंचाई व्यवस्था पर निर्भर है। किसानों का कहना है कि यदि सरकार गांव तक सिंचाई नहर बनाए तो फसलाें का और अधिक उत्पादन हो सकता है।