बेड़ीनाग में खराब मौसम के दौरान वाहन पर गिरा पेड़
- फोटो : अमर उजाला
बुधवार शाम जिले का मौसम का मिजाज बिगड़ गया। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई, जबकि जिले भर के कई इलाकों में तूफान के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। तूफान की चपेट में आकर कई पेड़ गिर गए। बेड़ीनाग-दौलीगाड़ मार्ग में पस्तोला के पास चीड़ का पेड़ चलती जीप पर जा गिरा। इससे एक यात्री को हल्की चोट आई, जबकि बाकी बाल-बाल बच गए। दूसरी ओर ग्राम रीठा में सड़क निर्माण कर रहे नेपाली मजदूरों के टेंट पर भी चीड़ का पेड़ टूटकर गिर पड़ा। हादसे में एक मजदूर घायल हुआ है।
बुधवार शाम उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फीली हवाएं चलने के साथ ही मौसम खराब हो गया। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के साथ ही निचले इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। मुनस्यारी की चोटियों हंसलिंग, पंचाचूली, राजरंभा, नागनीधूरा, खलियाटॉप में जमकर बर्फबारी हुई। पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय, अस्कोट, बेड़ीनाग, डीडीहाट समेत कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि हुई। इससे मौसम में ठंडक बढ़ गई।
उधर, बेड़ीनाग-दौलीगाड़ मार्ग पर पोस्ताला के पास तूफान के दौरान चीड़ का एक पेड़ सड़क से गुजर रही जीप पर गिर गया। पेड़ का ऊपरी हिस्सा सड़क की दीवार पर लगने से जीप में सवार यात्री बाल-बाल बच गए। अलबत्ता जीप क्षतिग्रस्त हो गई। यात्री त्रिलोक महरा को हल्की चोट आई है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं, ग्राम रीठा में सड़क निर्माण का कार्य कर रहे नेपाली मजदूरों के टेंट पर चीड़ का पेड़ गिरने से 65 वर्षीय मजदूर ज्ञानू घायल हो गया है। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।