जिला अस्पताल प्रबंध समिति की मंगलवार को हुई बैठक में अस्पताल में सुविधाएं जुटाने पर जोर दिया गया। बैठक में प्रबंध समिति ने अस्पताल के बजट को अनुमोदित कर दिया। प्रबंध समिति के सदस्यों ने अस्पताल में चल रही व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए कहा कि मरीजों को और बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
विधायक मयूख महर ने कहा कि अस्पताल में जो भी जरूरतें हैं, उनकी सूची तैयार कर लें, ताकि इन सुविधाओं को जुटाने के लिए अतिरिक्त संसाधनों का उपयोग किया जा सके। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका ध्यान रखा जाए।
साथ ही गरीब मरीजों को अस्पताल से ही सारी सुविधाएं दी जाएं। जिला अस्पताल के चिकित्साधीक्षक डा. हरीश लाल ने कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार लाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है, जो भी कमियां रह जाएंगी, वह प्रबंध समिति के सामने रखी जाएंगी। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष जगत सिंह खाती, महेश मखौलिया, प्रबंध समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे।