नाचनी के नौलड़ा में टूटी हुई बिजली की लाइन
- फोटो : अमर उजाला
मंगलवार शाम आए तूफान से बिजली की लाइनों को जबर्दस्त नुकसान पहुंचा है। नाचनी, मुनस्यारी क्षेत्र में बिजली सप्लाई ठप हो गई है। वहीं, लाइन क्षतिग्रस्त होने से अस्कोट में 13 घंटे बाद बिजली बहाल हुई।
मंगलवार रात करीब 8 बजे नौलड़ा के पास 33 केवीए की लाइन पर पेड़ गिरने से चार पोल क्षतिग्रस्त हो गए और इलाके की बिजली गुल हो गई। बिजली विभाग के अवर अभियंता मुकेश सिंह ने बताया कि लाइन की मरम्मत का काम चल रहा है। जल्द ही बिजली बहाल कर दी जाएगी। उधर, अस्कोट में मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे तूफान के दौरान जौरासी क्षेत्र में बिजली की लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। बुधवार सुबह 9.30 बजे बिजली बहाल हुई। बिजली न होने से अस्कोट, चरमा, ओगला, गर्खा, भागीचौरा, बगड़ीहाट, तीतरी, सिलोनी, ड्योड़ा क्षेत्र की 50000 आबादी प्रभावित रही।
मकान के ऊपर लटके पेड़ को ग्रामीणों ने हटाया
नाचनी। मंगलवार शाम के तूफान से तेजम में विजय सिंह के मकान के ऊपर एक पेड़ लटक गया। ग्रामीणों ने पेड़ को काटकर मकान को नुकसान होने से बचाया। यदि पेड़ मकान पर गिर जाता तो मकान क्षतिग्रस्त होने के साथ ही जानमाल के लिए खतरा हो सकता था।