आम आदमी पार्टी समेत तमाम संगठनों ने रविवार को मटेला के पास हुए सड़क हादसे के लिए कार्यदायी संस्था को जिम्मेदार ठहराते हुए जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
आप के जिला सचिव शमशेर महर के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पहुंचे लोगों ने कार्यदायी संस्था के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी अधिकारी को सौंपे ज्ञापन में कहा कि वह लोग रविवार को राहत और बचाव के काम में घटनास्थल पर थे। घटनास्थल के पास सड़क के बीचोंबीच एक मृत गाय पड़ी थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि उक्त गाय 7-8 दिन से सड़क पर पड़ी है। प्रतीत होता है कि मृत गाय से बचने के प्रयास में चालक वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा होगा।
इन लोगों ने कहा कि कार्यदायी संस्था बीआरओ ने सड़क की देखरेख बिलकुल छोड़ दी है। सड़क में गड्ढे पड़े हुए हैं। इस लापरवाही से पुलिस के एक होनहार अफसर समेत 8 लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। मामले की पूरी जांच कर हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए। प्रदर्शन में भाकपा माले के जिला प्रभारी गोविंद कफलिया, ट्रक आनर्स संघ के अध्यक्ष नीरज महर, पूर्व सैनिक संगठन के महासचिव कृष्णा सिंह, कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र जोशी, सचिव तिलक पंत, आप संयोजक गोविंद सिंह बिष्ट, दीवान सिंह वल्दिया, पृथ्वी सौन, भूपेश जोशी, प्रकाश जोशी, भुवन जोशी, हिमांशु जोशी, केदार सेठी, सुभाष जोशी आदि शामिल थे।