गंगोलीहाट में पाकिस्तान का पुतला फूंकते पूर्व सैनिक
- फोटो : अमर उजाला
पूर्व सैनिक कल्याण संगठन ने कुलभूषण जाधव को फांसी की सजा सुनाने के विरोध में मुख्य चौराहे पर पाकिस्तान का पुतला फूंका। संगठन ने एसडीएम वैभव गुप्ता को ज्ञापन सौंपकर जाधव को फांसी न दिए जाने की मांग की है। संगठन ने केंद्र सरकार से कहा कि पूर्व सैनिक किसी भी परिस्थिति में देश सेवा के लिए तत्पर हैं और ऐसे प्रकरणों की निंदा करते हैं।
संगठन अध्यक्ष शेर सिंह के नेतृत्व में एकत्र हुए पूर्व सैनिकों ने लोनिवि गेस्ट हाउस से जीआईसी तक जुलूस निकालकर पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अध्यक्ष शेर सिंह ने कहा कि कुलभूषण के खिलाफ पाकिस्तान ने झूठे आरोप लगाकर फांसी देने का जो षड्यंत्र किया है, सैनिक संगठन उसकी निंदा करता है। पूर्व सूबेदार मेजर नैन सिंह रावल ने कहा कि पाकिस्तान हर समय भारत के खिलाफ साजिश रचता है।
ऑनरेरी कैप्टन हिम्मत सिंह ने कहा कि कुलभूषण को पाकिस्तान पूरे सम्मान के साथ भारत को लौटाए। यदि उन्हें फांसी दी गई तो पाकिस्तान को इसका करारा जवाब दिया जाएगा। पुतला दहन में पूर्व सूबेदार केशर सिंह बिष्ट, धन सिंह, बहादुर सिंह, लक्ष्मण सिंह रावत, शंकर सिंह, आन सिंह, किशन सिंह, धन सिंह आदि शामिल थे।