सर्जिकल आपरेशन पर खुशी मनाते थल के पूर्वसैनिक
- फोटो : अमर उजाला
देश में पाकिस्तान के खिलाफ बन रहे माहौल के बीच पूर्व सैनिक भी मुखर हो गए हैं। थल में रविवार को पूर्व सैनिकों की पहले से निर्धारित बैठक थी। पूर्व सैनिकों ने बैठक से पहले सर्जिकल ऑपरेशन की सफलता पर सेना को बधाई देते हुई आतिशबाजी की। कहा कि वह पाकिस्तान के खिलाफ हथियार उठाने को तैयार हैं।
पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष अध्यक्ष गोविंद भट्ट के नेतृत्व में एकत्र पूर्व सैनिकों ने पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि पाकिस्तान को सबक सिखाना बेहद जरूरी हो गया है। पूर्व सैनिकों ने एक स्वर से कहा पाकिस्तान के खिलाफ लड़ाई छिड़ती है तो वह लोग फिर से हथियार पकड़ने को तैयार हैं। पूर्व सैनिकों ने पाकिस्तान पर दबाव बनाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और रक्षामंत्री मनोहर परिकर की सराहना की। इस दौरान संगठन के संरक्षक मोहन चौहान, महासचिव हीरा सिंह बसेड़ा, कोषाध्यक्ष पूरन सिंह भैंसोड़ा, सचिव गणेश राम, भानी चंद, तुला राम कलौनी, पूरन मेहता, दीवान सिंह कन्याल आदि मौजूद थे।
बाद में हुई बैठक में कैंटीन सुविधा के साथ ही स्वास्थ्य कैंप लगाने पर चर्चा हुई। उधर, नाचनी में भाजयुमो के ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र मेहता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सर्जिकल ऑपरेशन की सफलता पर मिठाई बांटी। कार्यक्रम में जगदीश मेहता, सोबन बयाल, नवीन सिंह, जगदीश द्विवेदी मौजूद थे।