आमरण अनशन शुरू करने से पहले जुलूस निकालते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
मदकोट से जोशा सड़क का सुधारीकरण करने, मदकोट से दारमा सड़क का दूसरे चरण का निर्माण शुरू करने, जोशा से गांधीनगर और जोशा से ढूनामानी रोड का निर्माण करने की मांग को लेकर रविवार को गांधीनगर, ढूनामानी, जोशा, चौना, गोलमा, कोटालगांव, इमला, नेहरू नगर के लोगों ने नगर में जुलूस निकाला और अपरान्ह से आमरण अनशन शुरू कर दिया। पहले दिन व्यापार संघ के पूर्व अध्यक्ष चरण सिंह महरा, जोशा के प्रधान बसंत राम, उत्तम सिंह मेहरा, बलवंत सिंह जोशाल और कैलाश झिक्वाण अनशन पर बैठे।
सभा में वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत उक्त सड़कों की स्वीकृति मिली है, लेकिन काम शुरू नहीं किया गया है, जिन सड़कों पर काम हुआ है, उनकी हालत इतनी खराब है कि उसमें वाहन चला पाना संभव नहीं है। पीएमजीएसवाई के खिलाफ लोगों ने जबर्दस्त नारेबाजी की। कहा कि कहीं पर भी पीएमजीएसवाई की सड़कों की दशा ठीक नहीं है। विधायक प्रतिनिधि हीरा सिंह चिराल ने आंदोलन का पूरा समर्थन देने की बात कही। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मनोहर टोलिया ने कहा कि इससे पहले भी कई बार पीएमजीएसवाई की सड़कों के मामले उठाए गए, लेकिन किसी भी स्तर पर गौर नहीं किया गया।
नतीजतन लोगों को सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। भाजपा नेता रुद्र सिंह पंडा ने कहा कि प्रदेश सरकार को भी इस मामले में सख्त कदम उठाना चाहिए, क्योंकि पीएमजीएसवाई में अधिकारी राज्य सरकार के ही हैं। सभा को राजेश रोशन, क्षेत्र पंचायत सदस्य जसवंत सिंह, उत्तम सिंह महरा, नारायण सिंह भंडारी ने संबोधित किया। जुलूस में भारी संख्या में लोग शामिल हुए।