कनालीछीना में ईवीएम मशीन खराब होने से इंतजार करते मतदाता।
- फोटो : पिथौरागढ़
पिथौरगढ़ और चंपावत जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में ईवीएम में खराबी आने के कारण मतदान प्रभावित हुआ। डीडीहाट के उसैल, ख्वांतड़ी और मुनस्यारी के उच्छैती, चंपावत के ललुवापानी और टनकपुर में आधा दर्जन बूथों पर ईवीएम मशीन ने दगा दिया। मतदान प्रभावित होने से तमाम लोग मतदान केंद्र से लौट गए।
डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के उसैल (देवलथल) में दोपहर 12 बजे ईवीएम में खराबी आ गई। तब तक 461 में से 131 मत पड़े थे। 25 किमी दूर जिला मुख्यालय से दूसरी ईवीएम मंगाई गई। दोपहर 1.40 बजे पिथौरागढ़ से नई ईवीएम उसैल बूथ पहुंची। उसके बाद मतदान पुन: प्रारंभ हुआ। देवलथल बूथ में सुबह 11 बजे से लगभग 12 बजे तक ईवीएम मशीन खराब होने मतदान प्रभावित रहा। डीडीहाट के बोराबुंगा में सुबह 8 बजे ईवीएम में खराबी आ गई। अटल गांव में ईवीएम में आई खराबी के कारण सुबह 7.45 से 8.30 बजे तक मतदान बंद रहा।
डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के ख्वांतड़ी (कनालीछीना) बूथ में मशीन में आई खराबी के कारण मॉक पोल भी नहीं हो पाया। सुबह 7 बजे से मतदान शुरु हुआ। 7.20 बजे मशीन में खराबी आ गई। तब तक 6 मत पड़े थे। 8.20 बजे फिर मतदान शुरू हुआ। दोपहर 2.20 बजे एक बार फिर ईवीएम खराब हो गई। बूथ में मौजूद मतदाता घरों को चल दिए। शाम को 4.32 बजे दूसरी ईवीएम बूथ में पहुंची। मतदान शुरु हुआ। ईवीएम में व्यवधान के कारण इस बूथ में 763 मतों में से साढ़े चार बजे तक केवल 187 मत पड़े थे। ख्वांतड़ी के ग्राम प्रधान केदार सिंह सामंत ने ईवीएम में आई खराबी पर रोष प्रकट करते हुए कहा कि इससे लोग मताधिकार से वंचित रह गए।
गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र में गणाईगंगोली के चाख में ईवीएम में आई खराबी के कारण 7.45 बजे मतदान शुरु हुआ। गंगोलीहाट के जीआईसी बूथ में वीवीपैट में खराबी आने से काफी देर तक मतदान प्रभावित हुआ। धारचूला विधानसभा क्षेत्र के उच्छैती (मुनस्यारी) बूथ में करीब 10 बजे 63 मत पड़ने के बाद ईवीएम में खराबी आ गई। दोपहर 12.35 में नई ईवीएम बूथ में पहुंची। 12.50 से पुन: मतदान शुरू हुआ। मुनस्यारी के तिकसैन पूर्वी बूथ में 20 मिनट देरी से शुरु हुआ। मुनस्यारी के दरकोट में ईवीएम में आई खराबी के कारण 9.07 बजे मतदान शुरु हुआ। जाराजीबली में 9.15 बजे शुरू हुआ मतदान शुरू हुआ। पिथौरागढ़ के जीजीआईसी बूथ में 18 मिनट की देरी से मतदान शुरू हुआ। प्राथमिक पाठशाला बस्ते बूथ में एक घंटे देरी से मतदान शुरू हुआ। सातशिलिंग बूथ में ईवीएम में दो बार खराबी आई। एक घंटे तक मतदान बाधित रहा।
चंपावत के ललुवापानी बूथ में 32 वोट पड़ने के बाद ईवीएम खराब हो गई। दूसरी मशीन के आने, माकपोल करने में दो घंटे से अधिक का समय लग गया। इस कारण सुबह से मतदान करने आई महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी। इसके अलावा मुडियानी बूथ में भी सुबह से ही महिलाओं की लंबी लाइन लग गई। अपनी बारी का इंतजार करते हुए कई महिलाएं लाइन में ही बैठ गईं।