डीडीहाट में अभिव्यक्ति कार्यशाला के उद्घाटन अवसर पर मौजूद बच्चे व अतिथिगण। संवाद
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। बच्चों की पत्रिका बालप्रहरी की ओर से नगर पालिका डीडीहाट और डीडीहाट यूथ सोसायटी के सहयोग से राजकीय इंटर कॉलेज में बच्चों की पांच दिवसीय अभिव्यक्ति कार्यशाला शुरू हुई। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कार्यशाला के मुख्य संयोजक डीएस पांगती ने रूपरेखा प्रस्तुत की। मुख्य अतिथि डायट प्राचार्य भास्करानंद पांडे ने कहा कि यह कार्यशाला बच्चों की वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता को सार्थक दिशा देगी और भविष्य निर्माण में सहायक होगी।
जीआईसी डीडीहाट के प्रधानाचार्य प्रेम सिंह पापड़ा ने कहा कि बच्चे बहुत कुछ जानते हैं, उनकी प्रतिभा निखारने और उन्हें मौखिक, लिखित अभिव्यक्ति का अवसर देने के लिए गैर शैक्षणिक गतिविधियां मील का पत्थर साबित हो सकती हैं। मुख्य प्रशिक्षक और बालप्रहरी के संपादक उदय किरौला ने कहा कि पांच दिवसीय कार्यशाला में बच्चों को मौखिक व लिखित अभिव्यक्ति के लिए प्रेरित किया जाना इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यशाला में बाल कवि सम्मेलन तथा नुक्कड़ नाटक आदि विधाओं से बच्चों को जोड़ा जाएगा। किताब कौतिक अभियान के संयोजक क्रिएटिव उत्तराखंड के हेम पंत ने छह से आठ जून तक रामलीला मैदान डीडीहाट में होने वाले किताब कौथिग के बारे में बताया। पहले दिन बच्चों को लेखन के बारे में बताया गया। बीआरसी समंवयक महिमन सिंह करायत, जीजीआईसी की प्रधानाचार्य कुसुम जोशी आदि गणमान्य लोग उपस्थित थे।