वनरावतों में मतदान के प्रति चेतना बढ़ी
- फोटो : अमर उजाला
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। ऐसा लगता है कि वनरावत धीरे-धीरे समाज की मुख्यधारा में शामिल होने लगे हैं। यह बात अलग है कि उनको कोई भी राजनीतिक दल अपना वोट बैंक नहीं मानता, लेकिन उनमें मताधिकार के प्रति चेतना का विकास होने लगा है। चिया संस्था ने जब वनरावतों के गांव में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया तो वन रावत 15 फरवरी को शत प्रतिशत मतदान के लिए तैयार हो गए और उन्होंने बाकायदा शपथपत्र भी भरे।
चिया संस्था के कार्यकर्ताओं का कहना है कि समाज के किसी वर्ग को कभी उपेक्षित नहीं समझना चाहिए और कम से कम लोकतंत्र में उनकी भूमिका को उतना ही महत्व देना चाहिए जितना अन्य वर्गों को दिया जाता है। वनरावतों में भी मतदान को लेकर उत्साह है। वनरावतों के गांव कुलेख, जमतड़ी, मदनपुरी, औलतड़ी, कूटाचौरानी गांवों में अब 15 फरवरी को मतदान की तैयारी होने लगी है।
वनरावत अपने नजदीकी मतदान केंद्र में जाएंगे। चिया संस्था के सहायक प्रोजेक्ट मैनेजर जगदीश कांडपाल ने बताया कि वनरावतों की वोटर लिस्ट चेक कर ली है। सभी का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो चुका है। मतदान के दिन सभी वनरावतों से कहा गया है कि वह अपना कोई पहचान पत्र लेकर मतदान केंद्र में जाएं और बिना किसी भय के वोट डालें। चिया के कार्यकर्ताओं ने बताया कि अन्य पिछड़े गांवों में भी इसी तरह का जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।